राजस्थान में ओले गिरे, मध्य प्रदेश में बारिश; हरियाणा में 7 डिग्री तक तापमान गिरा, उत्तराखंड में बर्फबारी

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार और गुरुवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड में मौसम ने आम लोगों को चौकाया। मध्य प्रदेश के भोपाल और ग्वालियर में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, दतिया, भिंड, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना समेत 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया। इससे पहले 20 जिलों में ओले गिरने की घटनाएं दर्ज की गई थीं।
राजस्थान के 11 जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग में ओले गिरने और बारिश होने से तापमान में गिरावट आई। जयपुर के SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पानी भर गया, जिससे कई ऑपरेशन स्थगित हुए। दिन का तापमान 10 डिग्री तक गिरने से ठिठुरन महसूस की गई।
हरियाणा में हिसार, भिवानी और रेवाड़ी में बुधवार को हल्की बूंदाबांदी और ओले गिरने से तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। राज्य के कई इलाकों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं की संभावना बनी हुई है।
उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के हर्षिल में हल्की बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले की जय वैली बर्फ से ढक गई। पंजाब और चंडीगढ़ में 24 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा और धूप निकलेगी। छत्तीसगढ़ में फरवरी में ही गर्मी शुरू हो गई है, राजनांदगांव में पारा 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है।





