ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धमतरी-गरियाबंद में गिरे ओले, आकाशीय बिजली से झुलसा युवक; सरगुजा में बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक झुलस गया, जबकि धमतरी जिले के कई इलाकों में जमकर ओले गिरे।

धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश हुई और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। बेमौसम हुई इस बारिश और ओलों को देखकर लोग हैरान रह गए। कई लोगों ने इस नजारे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया। गरियाबंद जिले के सीनापाली गांव में भी बड़े आकार के ओले गिरने की खबर है।

इसी दौरान सीनापाली गांव में एक युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, गोविंद पटेल (35) इमली के पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल चला रहा था। तभी अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी पीठ झुलस गई। बिजली गिरने से पेड़ का एक बड़ा हिस्सा भी जल गया। घायल गोविंद को तुरंत देवभोग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोविंद ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे मौत उन्हें छूकर निकल गई हो।

इधर, सरगुजा जिले के उदयपुर समेत कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। साथ ही अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

Related Articles

Back to top button