4 हजार वर्गमीटर के पॉलीहाउस में उगा रहीं 30 हजार गुलाब के पौधे: लता बुद्धन के फूल रायपुर से पुणे-नागपुर तक पहुंच रहे

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के ग्राम भदेरा नवागांव की लता बुद्धन ने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर फूलों की व्यावसायिक खेती में अपनी पहचान बनाई है।

उनके 4 हजार वर्गमीटर के पॉलीहाउस में डच रोज वैरायटी के 30 हजार से ज्यादा गुलाब के पौधे हैं। यहां के गुलाब छत्तीसगढ़ के रायपुर, भिलाई और दुर्ग के अलावा नागपुर और पुणे जैसे बड़े शहरों तक पहुंच रहे हैं।

लता बुद्धन ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत शासन से 16 लाख 88 हजार रुपए का अनुदान लेकर पॉलीहाउस तैयार कराया। उन्होंने शुरुआत जरबेरा फूल की खेती से की थी।

इसके फूलों को नागपुर और पुणे के बाजारों में बेचकर उन्हें व्यावसायिक फूल उत्पादन की संभावनाओं का पता चला। इसके बाद बाजार में मांग और बेहतर कीमत को देखते हुए उन्होंने हाइब्रिड गुलाब की उन्नत किस्मों की खेती शुरू की।

नियंत्रित वातावरण में तैयार हो रहे गुणवत्तायुक्त गुलाब

लता बुद्धन के बेटे तुषार बुद्धन के मुताबिक, पॉलीहाउस में वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर पानी और खाद का खर्च कम आता है। गुलाब की फसल करीब 4 साल तक चलती है।

सीजन के अनुसार उत्पादन और बाजार में मांग के हिसाब से अच्छी आमदनी होती है। पॉलीहाउस में तापमान, नमी और सिंचाई को नियंत्रित करने से फूलों की गुणवत्ता भी बेहतर रहती है।

अनुदान से आसान हुई आधुनिक खेती

राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत मिले अनुदान ने लता बुद्धन को संरक्षित खेती शुरू करने में मदद की। पॉलीहाउस में फसल प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रहती है और बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन करना आसान होता है।

लता बुद्धन की सफलता दूसरे किसानों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा है। उनका मानना है कि परंपरागत खेती करने वाले किसानों को भी पॉलीहाउस जैसी आधुनिक तकनीक अपनानी चाहिए।

इससे कम संसाधनों में बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार कर बड़े बाजारों तक पहुंच बनाई जा सकती है।

↑
Exit mobile version