StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

शादी के 2 दिन बाद दूल्हे की मौत: टेंट का सामान छोड़ने जाते समय पलटा ट्रैक्टर, दबने से गई जान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शादी के महज दो दिन बाद ही दूल्हे की सड़क हादसे में मौत हो गई। खुशियों से भरे घर में अचानक मातम छा गया। 8 अप्रैल को शादी हुई थी और 11 अप्रैल को युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, मृतक देवांगन सिदार (35) ग्राम ठाकुरपोड़ी का निवासी था और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बिजली विभाग में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। उसके घर में 5 अप्रैल से शादी के कार्यक्रम शुरू हो गए थे। 8 अप्रैल को उसकी बारात जशपुर जिले के कोतबा गई थी, जहां विवाह संपन्न हुआ। इसके बाद 9 अप्रैल को गांव में रिसेप्शन का आयोजन किया गया।

शादी के कार्यक्रम खत्म होने के बाद 10 अप्रैल की शाम देवांगन अपने दोस्तों के साथ ट्रैक्टर में टेंट का सामान छोड़ने के लिए पास के गांव बालापोढ़ी जा रहा था। इसी दौरान सतीपारा सरपंच के घर के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया था, जिससे यह हादसा हुआ।

हादसे में देवांगन ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक—सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी को पत्थलगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से देवांगन की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया।

हालांकि, रायपुर ले जाते समय रास्ते में रात करीब 11 बजे नंदन झरिया के पास उसकी मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार और गांव में शोक की लहर फैला दी है। 11 अप्रैल को पोस्टमॉर्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एक घायल का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।

Related Articles

Back to top button