असम पुलिस कमांडो बटालियन के कैंप पर ग्रेनेड अटैक, 5 कमांडो घायल

दिल्ली। असम के तिनसुकिया जिले से एक बड़ी सुरक्षा चूक और आतंकी हमले की खबर सामने आई है। शनिवार देर रात तिनसुकिया के जगुन स्थित असम पुलिस कमांडो बटालियन के कैंप पर संदिग्ध ULFA(I) (यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट) उग्रवादियों ने घात लगाकर बड़ा हमला किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला शनिवार रात करीब 2:00 बजे हुआ जब कमांडो बटालियन के जवान कैंप में मौजूद थे। उग्रवादियों ने आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल करते हुए कैंप पर लगभग 5 आरपीजी (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) दागे। ग्रेनेड धमाकों के साथ ही उग्रवादियों ने कैंप की ओर कई राउंड अंधाधुंध गोलीबारी भी की।

पांच कमांडो घायल

इस अचानक हुए हमले में असम पुलिस के 5 कमांडो घायल हो गए हैं। घायल जवानों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस हमले के पीछे प्रतिबंधित संगठन ULFA(I) का हाथ है। पिछले कुछ समय में पूर्वोत्तर में शांति बहाली के प्रयासों के बीच इस तरह का बड़ा हमला सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है। तिनसुकिया का यह इलाका घने जंगलों और म्यांमार सीमा के निकट होने के कारण उग्रवादियों के लिए सुरक्षित ठिकाना माना जाता रहा है।

Exit mobile version