StateNewsदेश - विदेश

मिडिल ईस्ट में महासंग्राम: दुबई एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, भारत की 400+ उड़ानें रद्द

दिल्ली। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में युद्ध की ज्वाला भड़क उठी है। रविवार को अमेरिका और इजरायल के लगातार दूसरे दिन हमलों के बीच ईरान ने भी पलटवार शुरू कर दिया है। इस तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र और भारत पर पड़ा है।

दुबई में कोहराम: ड्रोन हमला और बुर्ज खलीफा खाली

युद्ध की तपिश अब दुबई तक पहुँच गई है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक ईरानी ड्रोन के टकराने की खबर है, जिसमें 4 लोग घायल हुए हैं। सुरक्षा कारणों से विश्व की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को खाली कराकर उसकी लाइटें बंद कर दी गई हैं। दुबई और अल मकतूम एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन फिलहाल रोक दिया गया है।

फंसे भारतीय सितारे और आम नागरिक

दुबई में बिगड़ते हालात के बीच भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और अभिनेत्री सोनल चौहान फंस गई हैं। सिंधु के पिता ने बताया कि भारतीय दूतावास उनकी मदद कर रहा है, वहीं सोनल चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए पीएम मोदी से गुहार लगाई है।

भारत में भी इसका व्यापक असर देखा जा रहा है। लंदन, पेरिस, टोरंटो और शिकागो जैसे रूटों पर एयर इंडिया ने उड़ानें सस्पेंड कर दी हैं। 400 से अधिक उड़ानें रद्द हो गई है। वहीं दिल्ली (IGI) और मुंबई एयरपोर्ट पर हजारों यात्रियों ने पूरी रात फर्श पर गुजारनी पड़ी। एयरलाइंस को 11 देशों के एयरस्पेस से बचने की सख्त सलाह दी गई है।

देश में विरोध की लहर: श्रीनगर से लखनऊ तक प्रदर्शन

खामेनेई की मौत की खबर के बाद भारत के कई हिस्सों में रोष देखा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शिया समुदाय के लोगों ने सड़कों पर उतरकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई की तस्वीरों के साथ शोक व्यक्त किया और इस हमले को अमानवीय बताया। वर्तमान में एयर इंडिया और इंडिगो जैसी कंपनियाँ स्थिति पर करीब से नजर रख रही हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों की सहायता के लिए 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

Related Articles

Back to top button