विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रायपुर में भव्य आयोजन: 2000 से ज्यादा युवा देंगे सेवा और मानवता का संदेश

रायपुर। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा शुक्रवार को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में होने वाले इस आयोजन में प्रदेशभर से 2000 से अधिक छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम राज्यपाल रमेन डेका के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे होगा। मुख्य अतिथि के रूप में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मौजूद रहेंगे, जबकि अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री टीकाराम वर्मा और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रूपल पुरोहित ने बताया कि आयोजन के जरिए रक्तदान, अंगदान, नशामुक्ति, महिला स्वास्थ्य, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाई जाएगी। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में समूह नृत्य, नाटक, प्रहसन और चित्रकला के माध्यम से रेड क्रॉस के सेवा सिद्धांतों को प्रस्तुत किया जाएगा।

शाम 4:30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इसके मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे, जबकि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समाजसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

रेड क्रॉस सोसायटी पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को मानवता, करुणा और सेवा के प्रति प्रेरित करने का बड़ा अभियान है।

Exit mobile version