दिल्ली। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को पढ़ाई और नई स्किल सीखने के लिए हर साल अधिकतम 6 हजार रुपए देगी। इसके तहत कर्मचारी देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से ऑनलाइन कोर्स कर सकेंगे। इस योजना का लाभ मैदानी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को मिलेगा। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की योग्यता, तकनीकी दक्षता और काम करने की क्षमता बढ़ाना है।
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यह योजना मिशन कर्मयोगी के तहत आई गॉट (iGOT) मार्केटप्लेस के माध्यम से लागू की जाएगी। कर्मचारी अपनी जरूरत और रुचि के अनुसार ऑनलाइन कोर्स चुन सकेंगे।
विभाग तय करेंगे कौन-से कोर्स होंगे उपलब्ध
योजना के तहत कौन-कौन से कोर्स कराए जाएंगे, इसका फैसला संबंधित मंत्रालय और विभाग करेंगे। कोर्स का चयन कर्मचारियों के काम की प्रकृति और विभाग की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। इससे कर्मचारी अपने मौजूदा काम से जुड़ी जानकारी के साथ नई तकनीक और कौशल भी सीख सकेंगे।
पहले खुद भरनी होगी फीस, बाद में मिलेगा पैसा
योजना के तहत कर्मचारियों को शुरुआत में कोर्स की फीस अपनी जेब से जमा करनी होगी। कोर्स पूरा करने के बाद 30 दिनों के भीतर संबंधित विभाग में सर्टिफिकेट और फीस की रसीद जमा करनी होगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद फीस की राशि कर्मचारी के बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
कर्मचारी एक साल में एक से ज्यादा ऑनलाइन कोर्स भी कर सकेंगे। हालांकि, सभी कोर्स की फीस मिलाकर सरकार अधिकतम 6 हजार रुपए ही वापस करेगी। यानी कोर्स की संख्या पर रोक नहीं होगी, लेकिन सालाना भुगतान की सीमा तय रहेगी। इससे कर्मचारियों को नियमित रूप से अपनी जानकारी और कार्यक्षमता बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
