गांव, गरीब और किसानों की तरक्की के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम पंचायत झोंका में शुक्रवार को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर 27 लाख रुपये से अधिक की नई विकास योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों की तरक्की के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

कार्यक्रम में मंत्री वर्मा ने महामाया मंदिर सामुदायिक भवन, केश डबरी प्रवेश द्वार, पचरी निर्माण, महतारी सदन, मुक्तिधाम शेड, तालाब गहरीकरण और रंगमंच भवन सहित कई अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। वहीं, कुर्मीपारा में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर इसे ग्रामीणों को समर्पित किया।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और प्रत्येक गांव तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने प्राथमिक शाला में सुलभ शौचालय निर्माण के लिए 2 लाख रुपये, छापड़ तालाब के गहरीकरण के लिए 10 लाख रुपये, मुक्तिधाम में शेड निर्माण के लिए 7 लाख रुपये, तालाबों में पचरी निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन और ज्योति कक्ष निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागृति महिला मंडल को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, बलौदाबाजार जनपद पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, ग्राम पंचायत झोंका के सरपंच हरीराम धुव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास के लिए की गई घोषणाओं का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

↑
Exit mobile version