पर्यटन स्थलों के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सीएम साय

मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में बोटिंग और वाटर स्पोर्ट सुविधाओं का किया अवलोकन, ओपन थिएटर का किया लोकार्पण
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका पर्यटन स्थल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने झुमका जलाशय में बोटिंग करते हुए क्षेत्र के मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया तथा यहां विकसित की गई पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री साय ने शिकारा पर सवार होकर नौका विहार किया और शांत जलराशि, हरियाली तथा कमल पुष्पों से सजे रमणीय वातावरण की सराहना की। उन्होंने बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि झुमका जलाशय अब जिले का प्रमुख पिकनिक और पर्यटन केंद्र बनकर उभर रहा है, जिससे स्थानीय पर्यटन को नई पहचान मिल रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित 500 दर्शकों की क्षमता वाले ओपन थिएटर का लोकार्पण किया।
यह ओपन थिएटर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकनृत्य, नाटक और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थायी सांस्कृतिक मंच स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देंगे और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि झुमका जलाशय जैसे प्राकृतिक स्थलों के समुचित विकास से छत्तीसगढ़ पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा और पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रविकुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





