सुशासन तिहार: चौपाल में मिली राहत, सरलाबाई की समस्या का मौके पर समाधान

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत ग्राम सरोधी में आयोजित चौपाल में शासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक भावनात्मक उदाहरण सामने आया। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष पहुंची एक ग्रामीण महिला की समस्या का कुछ ही मिनटों में समाधान हो गया।

ग्राम सरोधी की रहने वाली सरलाबाई मरावी, जो एक साधारण कृषक परिवार से हैं, ने चौपाल में अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक माह पहले किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत 1.50 लाख रुपए के ऋण के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली थी। यह राशि खेती-किसानी के काम के लिए बेहद जरूरी थी।

मुख्यमंत्री ने जैसे ही यह समस्या सुनी, उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए और प्रक्रिया को तुरंत पूरा करने को कहा। कुछ ही देर में सरलाबाई की समस्या का निराकरण सुनिश्चित कर दिया गया।

अपनी समस्या का इतनी जल्दी समाधान होते देख सरलाबाई भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी बात इतनी जल्दी सुनी जाएगी और तुरंत राहत भी मिलेगी। उनके चेहरे पर संतोष और राहत साफ नजर आई।

सरलाबाई ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता भी मिल रही है, जिससे उनके परिवार को सहारा मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार अब गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है।

ग्राम सरोधी की यह घटना दर्शाती है कि सुशासन तिहार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन के लिए भरोसे और त्वरित समाधान का माध्यम बन चुका है।

Exit mobile version