गोल्डी बराड़ FBI की टेन मोस्ट वांटेड लिस्ट में, गिरफ्तारी की सूचना पर 10 लाख डॉलर का इनाम

दिल्ली। गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने अपनी ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल किया है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर तक (करीब 8.3 करोड़ रुपए) का इनाम देने का ऐलान किया है। FBI के मुताबिक बराड़ इस सूची में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है।

अमेरिकी एजेंसी के अनुसार बराड़ पर रैकेटियरिंग, जबरन वसूली के जरिए कारोबार में हस्तक्षेप की साजिश और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोप हैं। FBI का कहना है कि वह लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित तौर पर जुड़ा है और अमेरिका में इस नेटवर्क की गतिविधियों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाता है।

अमेरिका में होने की आशंका

FBI के मुताबिक बराड़ अमेरिका में रह रहा हो सकता है और उसके कैलिफोर्निया तथा कनाडा के अलग-अलग हिस्सों में होने की जानकारी है। एजेंसी ने उसे हथियारबंद और खतरनाक बताया है। FBI ने आम लोगों से उससे सीधे संपर्क न करने और उसके बारे में जानकारी मिलने पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना देने की अपील की है।

ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद कार्रवाई तेज

FBI ने जुलाई 2026 में ऑपरेशन हार्डबॉल के परिणामों की घोषणा की थी। इस कार्रवाई में भारत से जुड़े तीन ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप्स के 37 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे। FBI के अनुसार उस समय 24 आरोपी गिरफ्तार या हिरासत में थे। इसके बाद चार और फरार आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि एक की मौत की पुष्टि हुई। अब बराड़ समेत पांच आरोपियों की तलाश जारी है।

FBI के मुताबिक बराड़ की सूचना देने के लिए उसकी टोल-फ्री टिप लाइन या ऑनलाइन टिप पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। एजेंसी ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जा सकती है।

↑
Exit mobile version