दिल्ली। सोने के बाजार में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका के साथ व्यापारिक टैरिफ बातचीत में तेजी और ग्लोबल मार्केट में प्रॉफिट बुकिंग के चलते भारत में सोने के दाम रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गए हैं।
करीब 10 दिन पहले जहां 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1,32,770 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था, वहीं अब यह 5% से अधिक गिरकर 1,25,760 प्रति 10 ग्राम रह गया है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,15,290 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। पिछले पांच कारोबारी दिनों में सोना करीब 5,950 गिरा है।
मार्केट विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के तीन प्रमुख कारण हैं—पहला, अमेरिका और अन्य देशों के बीच टैरिफ समझौते की प्रगति, जिससे गोल्ड की सेफ-हेवन डिमांड कम हुई है; दूसरा, डॉलर इंडेक्स में मजबूती; और तीसरा, घरेलू बाजार में प्रॉफिट बुकिंग।
चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में चांदी 1,54,900 प्रति किलोग्राम पर आ गई, जो एक दिन में 100 की गिरावट है। चेन्नई में चांदी सबसे महंगी 1,69,900 प्रति किलोग्राम पर बनी हुई है। पिछले सप्ताह चांदी में 17,000 प्रति किलोग्राम तक की गिरावट देखी गई थी।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने में शॉर्ट टर्म सुधार संभव है, लेकिन दीर्घकालिक निवेशक हर गिरावट पर खरीदारी कर सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय संकेतों के अनुसार गोल्ड में 1-2% तक और गिरावट संभव है। फिलहाल निवेशकों को “सावधानी से अवसर तलाशने” की सलाह दी गई है क्योंकि सोने की यह ठंडक किसी भी वक्त फिर से चमक में बदल सकती है।
