StateNewsदेश - विदेश

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: मालिक थाईलैंड भागे, 25 की मौत, इंटरपोल से मदद मांगी

गोवा। अर्पोरा गांव के ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में 6 दिसंबर की देर रात लगी आग ने 25 लोगों की जान ले ली। मरने वालों में 20 कर्मचारी और 5 विदेशी पर्यटक शामिल थे। आग क्लब की रसोई से शुरू हुई और ग्राउंड फ्लोर से अन्य हिस्सों तक फैल गई। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढ़ियों पर हुई।

हादसे के कुछ घंटे बाद क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा थाईलैंड भाग गए। जांच में पता चला कि उन्होंने 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6ई 1073 से फुकेट रवाना किया। पुलिस ने FIR दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की और लुकआउट सर्कुलर जारी किया। अब इंटरपोल से मदद मांगी गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि क्लब के पास फायर डिपार्टमेंट की एनओसी नहीं थी और लाइसेंस अधूरी जानकारी के आधार पर जारी किया गया था। प्रशासन ने क्लब की दो अन्य प्रॉपर्टी को सील कर दिया है। पुलिस ने ऑपरेशनल स्टाफ भारत कोहली को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार किया। इसके अलावा चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोडक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया है।

गोवा सरकार ने हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय मजिस्ट्रियल जांच समिति बनाई है। साथ ही नाइटक्लब, रेस्टोरेंट, बार और इवेंट वेन्यू के लिए नई एडवाइजरी भी जारी की गई है। हादसे के दो दिन बाद इंस्टाग्राम पर मालिक सौरभ लूथरा ने दुख जताया और कहा कि कंपनी मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ खड़ी है और हर तरह की मदद प्रदान करेगी।

डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि आग क्लब के ग्राउंड फ्लोर की रसोई से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। सबसे ज्यादा शव किचन एरिया में बरामद हुए। इस घटना ने गोवा में नाइटक्लब सुरक्षा और लाइसेंसिंग प्रक्रिया में गंभीर कमियों को उजागर किया है।

Related Articles

Back to top button