ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने 3 मंजिला इमारत से लगाई छलांग: युवक की मौत, युवती की हालत नाजुक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने तीन मंजिला इमारत से छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर स्थित EWS कॉलोनी का है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 23 वर्षीय चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे के रूप में हुई है, जो यदुनंदन नगर तिफरा का रहने वाला था। वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और साथ ही डिलीवरी बॉय का भी काम करता था। वहीं, घायल युवती 22 वर्षीय गरिमा सिंह बताई जा रही है, जो गांधी चौक इलाके की निवासी है।

जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। घटना की रात दोनों कॉलोनी की इमारत की छत पर पहुंचे थे। छत पर शराब की बोतल, गिलास, कपड़े, कंबल और बेडशीट मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि दोनों ने वहां शराब पी थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि छत का दरवाजा अंदर से बंद था।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने छत से छलांग लगा दी। गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवती बेहोश हालत में मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Related Articles

Back to top button