ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बॉयफ्रेंड के घर में युवती ने लगाई फांसी, शादी से इनकार के बाद तनाव; आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवती ने अपने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी का है। पुलिस ने आरोपी युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मल्हार क्षेत्र की रहने वाली युवती का ग्राम धनगवा निवासी राजू लहरिया (33) के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था।

परिजनों के मुताबिक युवती शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन युवक टालमटोल करता रहा। 24 फरवरी को युवती प्रेमी के घर पहुंच गई। आरोप है कि युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो उसने साफ इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक घर छोड़कर चला गया और मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। युवती वहीं घर में रुकी रही।

26 फरवरी की रात उसने युवक के माता-पिता के साथ भोजन किया और कमरे में सोने चली गई। अगले दिन सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से झांका तो युवती का शव रोशनदान के एंगल से स्कार्फ के सहारे लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। युवती के परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।

हालांकि पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया।

आरोपी युवक बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में छिपा मिला, जहां से 1 मार्च को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button