सरकारी सिस्टम से परेशान आत्मसमर्पित एरिया नक्सली कमांडर,कर्ज लेकर बनाया मकान; अब आत्महत्या करने की दे रहा चेतावनी

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे एक एरिया नक्सली कमांडर ने सरकारी सिस्टम से परेशान होकर बड़ा बयान दिया है। उसने कहा कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो उसे फिर से घर छोड़कर जाना पड़ेगा या परिवार के साथ आत्महत्या करने जैसी स्थिति बन सकती है।
जानकारी के मुताबिक संबंधित व्यक्ति ने 26 फरवरी 2021 को पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण के बाद उसने सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सामान्य जीवन शुरू करने की कोशिश की। इसी दौरान उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कर्ज लेकर अपना मकान बनवाया।
बताया जा रहा है कि मकान निर्माण के लिए उसने बाजार से निर्माण सामग्री उधार में ली थी। अब व्यापारी लगातार भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह कर्ज चुकाने में असमर्थ है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया है।
आत्मसमर्पित कमांडर का कहना है कि उसे नक्सली पुनर्वास नीति का पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। अगर समय पर आर्थिक सहायता और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं मिल जातीं तो उसे ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
व्यापारियों के बढ़ते दबाव और आर्थिक संकट से परेशान होकर वह अपनी समस्या लेकर अंबिकापुर पहुंचा और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। उसने कहा कि उसने नक्सल संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला इसलिए लिया था ताकि अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी सके, लेकिन अब परिस्थितियां उसे फिर से घर छोड़ने पर मजबूर कर रही हैं।
इस पूरे मामले ने पुनर्वास योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल संबंधित अधिकारी मामले की जानकारी लेकर जांच और आवश्यक मदद की प्रक्रिया शुरू करने की बात कह रहे हैं।



