StateNewsदेश - विदेश

1 जनवरी से 28 ट्रेनों के समय में बड़ा बदलाव: आगरा-नई दिल्ली इंटरसिटी पर भी असर, नई समय सारिणी जारी

आगरा। नए साल से रेल यात्रियों को बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल ने 1 जनवरी से नई समय सारिणी लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत आगरा-नई दिल्ली इंटरसिटी, ईदगाह-बांदीकुई मेमू, टूंडला-आगरा मेमू सहित कुल 28 ट्रेनों के समय में संशोधन किया गया है।

अगर यात्री पुराने समय के अनुसार स्टेशन पहुंचे तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे की नई समय सारिणी के तहत आगरा मंडल को छह जोड़ी नई ट्रेनें मिलेंगी, जिनमें बरेली-बांदीकुई और नांदेड-टनकपुर एक्सप्रेस प्रमुख हैं।

इसके अलावा तीन जोड़ी ट्रेनों का विस्तार किया गया है, चार ट्रेनों के नंबर बदले गए हैं और पांच ट्रेनों के संचालन दिनों में संशोधन हुआ है।

साथ ही 24 ट्रेनों को प्रयोगात्मक ठहराव और सात ट्रेनों की गति में बढ़ोतरी की गई है। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों को नए समय की जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।

सबसे अहम बदलाव आगरा-नई दिल्ली इंटरसिटी में हुआ है। यह ट्रेन अभी सुबह 5:30 बजे आगरा कैंट से रवाना होती है, लेकिन 1 जनवरी से यह सुबह 5:45 बजे चलेगी।

वहीं नई दिल्ली से आगरा आने वाली इंटरसिटी अब रात 9:30 बजे के बजाय रात 10:05 बजे पहुंचेगी। बांदीकुई-ईदगाह मेमू जो अभी सुबह 5:55 बजे चलती है, अब सुबह 5:00 बजे रवाना होगी। ईदगाह-बांदीकुई मेमू का समय भी बदला है और यह अब सुबह 8:50 बजे चलेगी।

आगरा-कोटा एक्सप्रेस सुबह 5:05 की जगह 5:00 बजे और आगरा फोर्ट-कासगंज एक्सप्रेस दोपहर 3:40 की बजाय 3:20 बजे चलेगी। टूंडला-आगरा मेमू के आगमन समय में भी हल्का बदलाव किया गया है।

उधर कोहरे का असर ट्रेनों पर भारी पड़ रहा है। शुक्रवार को 14 ट्रेनें दो घंटे से अधिक देरी से चलीं। अमृतसर एक्सप्रेस 8 घंटे 45 मिनट लेट पहुंची, जबकि इंटरसिटी साढ़े पांच घंटे लेट रही। रेलवे हेल्पलाइन पर 1900 शिकायतें दर्ज हुईं। खेरिया एयरपोर्ट से बेंगलुरु और अहमदाबाद की उड़ानें भी देरी से रवाना हुईं।

Related Articles

Back to top button