कच्चे मकान से पक्के घर तक: CM साय ने कराया गृह प्रवेश, परिवार की आंखें हुईं नम

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को कोरबा जिले के लेमरू पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित मकान का उद्घाटन कर गृह प्रवेश कराया। वर्षों तक कच्चे घर में कठिन हालात में जीवन बिताने वाले परिवार के लिए यह पल किसी सपने के सच होने जैसा रहा।

मुख्यमंत्री साय ने परिवार के साथ घर में प्रवेश किया और नए आवास का निरीक्षण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अच्छी शिक्षा हासिल कर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार सुविधाओं से वंचित न रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना के लिए डीएमएफ मद से 60 हजार रुपए की हितग्राही अंशदान राशि भी प्रदान की।

उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं भी लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन से धरम सिंह का परिवार भावुक नजर आया। परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

ग्रामीणों ने भी कहा कि अब योजनाओं का फायदा वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे शासन के प्रति भरोसा बढ़ा है।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे गांव में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।

Exit mobile version