पीएम मोदी से 17 फरवरी को मिलेंगे फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों, इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट में होंगे शामिल

दिल्ली। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इंडिया-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 16 फरवरी को भारत पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि 17 फरवरी को मुंबई में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात होगी। इस द्विपक्षीय बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त रूप से नई दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, मुंबई में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक के बाद दोनों देशों की ओर से संयुक्त बयान जारी किया जाएगा। इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इसके साथ ही मुंबई के प्रतिष्ठित होटल ताज महल पैलेस में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों देशों के नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, स्टार्टअप और शोध संस्थान भाग लेंगे।
इस वर्ष भारत और फ्रांस संयुक्त रूप से ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ मना रहे हैं। इसका उद्देश्य नवाचार, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, स्टार्टअप संस्कृति और लोगों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, हरित ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मैक्रों और फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों 16 से 19 फरवरी तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेंगे। यह राष्ट्रपति मैक्रों का भारत का चौथा आधिकारिक दौरा होगा, जो भारत-फ्रांस के मजबूत और भरोसेमंद रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।
यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के साथ-साथ तकनीकी सहयोग और वैश्विक चुनौतियों पर साझा दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





