ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पीएम आवास योजना में ठगी, भाजपा नेत्री सपना सराफ गिरफ्तार

महिलाओं से 3.40 लाख की वसूली का आरोप

बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी करने वाली भाजपा नेत्री सपना सराफ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने दो महिलाओं से 3 लाख 40 हजार रुपये लेकर घर दिलाने का झांसा दिया। पीड़ित महिलाओं ने कलेक्टर से शिकायत की, जिसके बाद नगर निगम की जांच पूरी होने पर सरकंडा थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महिलाएं उमा साहू और संतोषी विश्वकर्मा आवास मिलने में देरी से परेशान थीं। दोनों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल के जनदर्शन में सपना सराफ पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। कलेक्टर ने निगम कमिश्नर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। निगम में पदस्थ क्लर्क सौरभ तिवारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर सपना सराफ के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया।

फर्जी रसीदें भी थमाई

पुलिस जांच में सामने आया कि सपना सराफ, जो राजकिशोर नगर के कल्याण बाग की रहने वाली है, उसने दोनों महिलाओं से रुपये लेकर फर्जी रसीदें दी थीं। जब इन रसीदों का मिलान निगम कार्यालय में किया गया तो वे नकली पाई गईं।
पुलिस ने सपना सराफ के खिलाफ धारा 420 (ठगी), 467 (जालसाजी), 468 (फर्जी दस्तावेज) और 471 (फर्जी दस्तावेज का उपयोग) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की पूछताछ में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button