StateNews

जम्मू-कश्मीर में 2 दिन में चौथा एनकाउंटर, बांदीपोरा में आतंकी घिरे

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। ये मुठभेड़ कुलनार इलाके में हुई। सेना और पुलिस को यहां आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी।

जैसे ही जवान वहां पहुंचे, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें 1 आतंकी को गोली लगी है और 2 जवान घायल हो गए हैं। यह जम्मू-कश्मीर में पिछले दो दिन में चौथा एनकाउंटर है। इससे पहले 24 अप्रैल को उधमपुर में एक मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया था।

चार आतंकियों के मददगार गिरफ्तार

बांदीपोरा पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 4 ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को गिरफ्तार किया है। ये लोग पुलिस और बाहरी लोगों पर हमला करने की योजना बना रहे थे। उनके पास से हथियार और ग्रेनेड भी बरामद हुए हैं। इसमें से 2 चीनी हैंड ग्रेनेड, 7.62 एमएम की मैगजीन और 30 राउंड गोलियां बरामद किया है। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाकर इन्हें पकड़ा।

दो आतंकवादियों के घर में ब्लास्ट

कश्मीर में शुक्रवार सुबह लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादियों के घर ब्लास्ट में उड़ गए। सेना के सूत्रों ने बताया कि त्राल में आसिफ शेख और अनंतनाग के बिजबेहरा में आदिल ठोकेर के घर सर्च ऑपेरशन चल रहा था। ऑपरेशन के दौरान दोनों घरों में एक्सप्लोसिव मिले। जवान सेफ्टी के लिए पीछे हटे और इसी दौरान धमाका हो गया। इन दोनों आतंकवादियों का नाम पहलगाम हमले से जुड़ा है।

Related Articles

Back to top button