8454 हेक्टेयर खेतों तक पहुंचेगा पानी, मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था; खरीफ के साथ रबी फसल को भी मिलेगा फायदा
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया में किसानों को सिंचाई परियोजना की सौगात दी। उन्होंने 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3921 से अधिक किसानों को फायदा मिलेगा। वहीं, 8454 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की सुविधा विकसित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है। किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने से उनकी मौसम और बारिश पर निर्भरता कम होगी। परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा। इससे साल में एक से अधिक फसल लेने और आमदनी बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था
इस परियोजना की खास बात आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल है। सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में इस तरह की तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे पानी के प्रबंधन और वितरण को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
मैनी नदी पर बनेगा बैराज
बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। यह नदी पर स्थित पुल से करीब एक किलोमीटर दूर होगा। परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली और बांसबहार सहित कुल 13 गांवों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर सिंचाई के लिए पानी मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की खेती में नई संभावनाएं विकसित होंगी। सरकार का प्रयास खेती की लागत कम करने और किसानों की आय बढ़ाने का है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
