नदी के बहाव से खेतों तक पहुंचेगा पानी, बिना बिजली-डीजल चल रही सिंचाई योजना

जशपुर के पोंगरो में 2.68 करोड़ से बनी हाइड्रो पावर पंपिंग योजना, 135 किसान परिवारों की 80 एकड़ जमीन को मिलेगा लाभ

जशपुर। अब किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए बिजली, डीजल या सौर ऊर्जा पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नदी के बहते पानी से ही पंप चलाकर खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है।

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर ऐसी ही हाइड्रो पावर आधारित पंपिंग योजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को इस परियोजना का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली।

करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से बनी इस योजना से 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके जरिए लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

नदी के बहाव से चलेगा टरबाइन पंप

इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि पंप चलाने के लिए किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की जरूरत नहीं है। नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पंप संचालित होता है। इसके लिए पहले से बने एनीकट से करीब 100 मीटर नीचे प्लेटफॉर्म बनाकर पंप लगाया गया है।

यह पंप नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक पानी पहुंचाता है। इसकी क्षमता अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड पानी पहुंचाने की है। टंकी से पक्की नहरों और नालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।

खेती की लागत घटाने में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आधुनिक विज्ञान और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से किसानों की समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। इस तकनीक से ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन भी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पोंगरो की यह परियोजना दूसरे क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए मॉडल बन सकती है।

निरीक्षण के दौरान कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version