पूर्व मंत्री की फॉलो गाड़ी ने बाइक सवारों को रौंदा, 2 की मौत; 100km की रफ्तार से उछलकर 50 मीटर दूर गिरे युवक

जगदलपुर/बस्तर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-30) पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ।
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के काफिले में शामिल होने जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला लाइव वीडियो भी सामने आया है। मृतकों का नाम पुलिस द्वारा कमलेश उइके और राम प्रसाद चिरम बताया जा रहा है।
काफिले को कवर करने के चक्कर में रफ्तार बनी काल
हादसा बस्तर थाना क्षेत्र के बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बोलेरो (मालिक हिमांशु चक्रवर्ती) को पूर्व मंत्री के काफिले के साथ जाना था, लेकिन गाड़ी समय पर नहीं पहुंच पाई थी। पीछे छूट जाने के कारण ड्राइवर काफिले को कवर करने के लिए करीब 100 किमी/घंटा की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार दो मिस्त्री जैसे ही दूसरी साइड मुड़े, तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरे।
गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को घेरा
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने वाहन चालक को घेर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





