पूर्व गृहमंत्री के बेटे की दबंगई, कार दुकान में घुसाई; थाने से भागा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पूर्व गृहमंत्री के बेटे की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में उसने अपनी कार बस स्टैंड के पास स्थित एक दुकान में घुसा दी।
घटना के बाद जब दुकानदार ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार संदीप कंवर नामक युवक नशे की हालत में कार चला रहा था। उसकी कार पर “पूर्व विधायक रामपुर” लिखा हुआ था।
अनियंत्रित होकर कार अज़ीन कुरैशी की सेवई और सुतफेनी की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद जब दुकानदार ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने पिता के प्रभाव का हवाला देते हुए कहा कि “मैं ननकीराम का बेटा हूं, जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”
विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने पहुंचाया। बताया जा रहा है कि थाने में भी उसने हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के सामने ही गाली-गलौज करता रहा।
इस दौरान वह अपनी कार लेकर थाने से ही भाग निकला। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया था। वीडियो बनाने पर आरोपी ने उससे भी विवाद किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस मामले में कोरबा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित अज़ीन कुरैशी की शिकायत प्राप्त हुई है।
शिकायत में लापरवाही से वाहन चलाने, दुकान को नुकसान पहुंचाने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस वाहन और चालक की पहचान कर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





