पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने सीएम साय से की सौजन्य भेंट

रायपुर। पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें सामाजिक, आध्यात्मिक और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर रमेश बैस ने मुख्यमंत्री साय को आगामी 1 फरवरी को रायपुर में आयोजित होने वाले सिद्धि शक्ति महाआशीर्वाद कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम विश्व धर्म चेतना मंच के तत्वावधान में तथा सिद्धगुरुवर सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि गुरुदेव के सान्निध्य में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतों और समाजसेवियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण के लिए बैस के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा लोगों को नैतिक मूल्यों और सद्भाव की दिशा में प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की भूमि आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध रही है, और इस तरह के आयोजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए सदैव सहयोगी रहेगी। इस अवसर पर मोहित कुमार सरावगी, सरिता सरावगी, मारुति शर्मा, रमेश सिंघानिया एवं सूर्य प्रकाश शर्मा भी उपस्थित थे।





