बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट दिव्या शिंदे गिरफ्तार, रिटायर्ड डॉक्टर से मारपीट का आरोप

पुणे। बिग बॉस मराठी-6 की पूर्व कंटेस्टेंट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्या शिंदे को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर 65 वर्षीय रिटायर्ड मेडिकल ऑफिसर डॉ. विद्याधर गायकवाड़ के साथ कथित तौर पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोर्ट ने दिव्या को 30 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद 1 से 3 सितंबर के बीच पुणे के बाल गंधर्व रंग मंदिर में आयोजित कला आविष्कार महोत्सव से जुड़ा है। गायकवाड़ करुणादीप फाउंडेशन से जुड़े हैं, जिसने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। दिव्या का दावा है कि उन्होंने कार्यक्रम के प्रचार में मदद की थी और इसके बदले उन्हें भुगतान नहीं किया गया।

वहीं, गायकवाड़ का आरोप है कि दिव्या को संस्था की ओर से न तो कार्यक्रम में आधिकारिक तौर पर बुलाया गया था और न ही प्रचार का कोई काम सौंपा गया था। शिकायत के अनुसार, दिव्या ने अगस्त से उन्हें फोन और मैसेज कर 5 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी थी।

घर पहुंचकर मारपीट का आरोप

शिकायत में गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि दिव्या कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचीं। वहां कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 5 लाख रुपए नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिव्या को गिरफ्तार किया है।

बिग बॉस से भी विवादों में रही थीं

दिव्या शिंदे को बिग बॉस मराठी-6 से पहचान मिली थी। शो में उनके व्यवहार को लेकर कई बार विवाद हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, शो में धमकी से जुड़े एक विवाद के बाद उन्हें 27वें दिन बाहर कर दिया गया था। उन्होंने अपने बयान को लेकर माफी मांगने से भी इनकार किया था।

↑
Exit mobile version