StateNewsखेलदेश - विदेश

फुटबॉल वर्ल्ड कप: एमबाप्पे के डबल गोल से फ्रांस प्री-क्वार्टर फाइनल में, नॉर्वे ने रचा इतिहास; मैक्सिको ने 40 साल बाद नॉकआउट मैच जीता

दिल्ली। फुटबॉल वर्ल्ड कप में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में फ्रांस, नॉर्वे और मैक्सिको ने शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। पिछली बार की फाइनलिस्ट फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ-16 में जगह बनाई। वहीं नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल की। दूसरी ओर सह-मेजबान मैक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हराकर 40 साल बाद नॉकआउट चरण का मुकाबला जीतने का कारनामा किया।

फ्रांस की जीत के हीरो कप्तान किलियन एमबाप्पे रहे, जिन्होंने 45वें और 74वें मिनट में दो शानदार गोल किए। टीम का तीसरा गोल ब्रैडली बारकोला ने किया। एमबाप्पे ने इस टूर्नामेंट में तीसरी बार दो गोल दागे और अब उनके छह गोल हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में सबसे ज्यादा 10 गोल करने का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। उन्होंने ब्राजील के दिग्गज रोनाल्डो और लियोनिडास के आठ-आठ गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब फ्रांस का सामना 5 जुलाई को पैराग्वे से होगा।

नॉर्वे ने भी इतिहास रचते हुए पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में जीत दर्ज की। टीम के लिए एंटोनियो नुसा ने पहला और स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालैंड ने 86वें मिनट में निर्णायक गोल किया। हालैंड का यह टूर्नामेंट का पांचवां गोल रहा। अब नॉर्वे का अगला मुकाबला 6 जुलाई को पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से होगा।

मैक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हराकर चार दशक बाद नॉकआउट मुकाबले में जीत का स्वाद चखा। जूलियन क्विन्योनेस और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम क्षणों में इक्वाडोर के पिएरो हिनकापिए को रेड कार्ड भी दिखाया गया। अब मैक्सिको की टीम अगले दौर में इंग्लैंड और कांगो डीआर के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेगी।

Related Articles

Back to top button