भविष्य की ट्रैफिक जरूरतों के हिसाब से बनें फ्लाईओवर: PWD सचिव बोले- सड़क परियोजनाओं की समग्र प्लानिंग जरूरी

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़कों और फ्लाई-ओवर्स के निर्माण में केवल वर्तमान जरूरतों को नहीं, बल्कि भविष्य की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क खंडों के विकास की योजना एक साथ बनाकर फ्लाई-ओवर्स और अन्य संरचनाओं की स्वीकृति ली जाए, ताकि बाद में बार-बार खुदाई और निर्माण की जरूरत न पड़े।

सचिव बंसल ने शुक्रवार को दुर्ग संभागीय मुख्यालय में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंताओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी भी मौजूद रहे। सचिव ने दुर्ग परिक्षेत्र में चल रहे सड़क, भवन और पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के 15 दिनों के भीतर एजेंसी से अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की जाए। विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय में रहकर निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और सड़क परियोजनाओं में लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। उन्होंने परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की खराब स्थिति पर संबंधित ठेकेदारों से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।

सचिव ने कहा कि शासकीय भवनों के निर्माण में आधुनिक डिजाइन और नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए। भूमि की कमी को देखते हुए हॉरिजॉन्टल की जगह वर्टिकल निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। साथ ही भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, बेहतर टाइल्स, पेंट और निर्माण सामग्री के उपयोग के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के बाद श्री बंसल ने दुर्ग साइंस कॉलेज में बन रहे 750 सीटर ऑडिटोरियम, जेल तिराहा से मिनीमाता चौक पुलगांव तक सड़क चौड़ीकरण और पाटन शासकीय कॉलेज के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज परिसर को हरा-भरा और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

Exit mobile version