कश्मीर से पंजाब तक बाढ़ का कहर: 100 जिलों में संकट, लाखों लोग प्रभावित

दिल्ली। देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मैदान से लेकर पहाड़ तक कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। कश्मीर, हिमाचल और पंजाब सहित 100 से ज्यादा जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। लाखों लोग बाढ़ और बारिश से प्रभावित हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। निचले इलाकों में पानी घुस चुका है। पंजाब सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में है। यहां कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 67 हजार एकड़ कृषि भूमि पूरी तरह नष्ट हो गई है, जबकि 3 लाख एकड़ जमीन अब भी पानी में डूबी हुई है। राज्य सरकार ने सात सितंबर तक स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से भूस्खलन और पेड़ों के गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। राजधानी शिमला समेत कई जगह स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मंडी जिले के सुंदरपुर में भूस्खलन की वजह से कई लोगों की जान गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।
हरियाणा में भी स्थिति गंभीर है। यमुनानगर और अंबाला जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। गुरुग्राम में सड़कों पर जलभराव और जाम से लोग परेशान हैं। राज्य सरकार ने प्रशासन को अलर्ट पर रहने और स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, असम, यूपी, कर्नाटक, केरल, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।