ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की पहली बैठक, योजनाबद्ध विकास पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजधानी क्षेत्र के योजनाबद्ध और समग्र विकास की रूपरेखा, प्राधिकरण की कार्यप्रणाली तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी क्षेत्र के सुनियोजित विकास से छत्तीसगढ़ को नया ग्रोथ इंजन मिलेगा। उन्होंने बताया कि रायपुर और आसपास के शहर तेजी से विकसित होकर एक बड़े शहरी क्षेत्र का रूप ले रहे हैं, इसलिए महानगरों की तर्ज पर इनका संतुलित और योजनाबद्ध विकास जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित योजना और समयसीमा के अनुसार पूरी की जाएं और उनकी प्रगति की नियमित रूप से उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई, नवा रायपुर अटल नगर और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र में व्यवस्थित आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार-वाणिज्य, रोजगार के अवसर, बेहतर परिवहन व्यवस्था और आधुनिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन और लॉजिस्टिक्स विकास, मेट्रो संचालन के लिए तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता अध्ययन, सर्वेक्षण कार्य और विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा प्राधिकरण के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों के प्रत्यायोजन, लेखा परीक्षण सेवाओं के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट की नियुक्ति तथा योजना प्रभाग के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

राजधानी क्षेत्र विकास एवं निवेश योजना तैयार करने के लिए निवेश क्षेत्रों के चिन्हांकन, सर्वेक्षण, अनुसंधान और चरणबद्ध परियोजनाओं के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने पर भी सहमति बनी। प्रारंभिक गतिविधियों के लिए 27 करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी भी बैठक में दी गई।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन का विकास छत्तीसगढ़ में निवेश, रोजगार और आधुनिक शहरी सुविधाओं को नई गति देगा।

Related Articles

Back to top button