रायपुर में सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर पर FIR, पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताने का आरोप

रायपुर। सोशल मीडिया पर धमतरी के कुरूद का पुराना वीडियो स्वतंत्रता दिवस का बताकर पोस्ट करने के मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है। भाजपा का आरोप है कि पोस्ट में दावा किया गया कि धमतरी में भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय ध्वज की जगह पार्टी का झंडा फहराया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वीडियो स्वतंत्रता दिवस का नहीं, बल्कि भाजपा के पुराने कार्यक्रम का है।

मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और लाभांडी निवासी उज्जवल दीपक ने 17 अगस्त को साइबर क्राइम और सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे। शिकायत में बताया गया कि 15 अगस्त को वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं। इनमें कुरूद में तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराने का दावा किया गया।

22 मार्च के कार्यक्रम का बताया वीडियो

शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो और तस्वीरें 22 मार्च 2026 को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की हैं। आरोप है कि पुराने वीडियो को नए संदर्भ में पेश कर भाजपा और उसके नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।

नेहा सिंह राठौर की पोस्ट को कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी शेयर किया था और तिरंगे के अपमान को लेकर टिप्पणी की थी। कांग्रेस नेत्री डॉ. रागिनी नायक ने भी पोस्ट पर ‘देशद्रोही’ लिखा था।

इन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद पहली नजर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय अवसर पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने से सामाजिक और राजनीतिक तनाव बढ़ सकता है।

पुलिस अब संबंधित पोस्ट, वीडियो, तस्वीरों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट के मूल स्रोत और तकनीकी जानकारी की जांच कराने की मांग भी की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version