दिल्ली। ममता बैनर्जी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2025 में कोलकाता में आयोजित ईद कार्यक्रम के दौरान सनातन और हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। विवाद उस कथित बयान को लेकर है, जिसमें ‘गंदा धर्म’ जैसे शब्द इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
यह शिकायत वकील रिंकी चटर्जी सिंह ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस बयान से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। रिंकी का आरोप है कि उन्होंने 2025 में भी इस मामले में शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई और उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक ममता बनर्जी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें सेक्शन 351(1) के तहत आपराधिक धमकी, सेक्शन 352 के तहत जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने और सेक्शन 353(2) के तहत धार्मिक समूहों के बीच नफरत फैलाने से जुड़े आरोप शामिल हैं।
इस विवाद पर त्रिणमूल कांग्रेस के दार्जिलिंग यूनिट के महासचिव और वकील अत्री शर्मा ने भी बयान को गलत बताया है। उनका कहना है कि पार्टी के अंदर भी कई लोग इस टिप्पणी से सहमत नहीं थे और किसी भी नागरिक को शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
