ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दुर्ग में NSUI नेता पर FIR: शिक्षा मंत्री की बिना हेलमेट बाइक चलाने पर कार्रवाई की मांग पर विवाद

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की बिना हेलमेट बाइक चलाने की घटना राजनीतिक विवाद में बदल गई है।

7 फरवरी को NSUI दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरुण केवलतानी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर दुर्ग ट्रैफिक थाना पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक TI युवराज साहू से बात करते हुए भेंट स्वरूप चूड़ी, बिंदी और साड़ी भी देने का प्रयास किया। NSUI नेताओं ने कहा कि जब आम जनता और छात्रों पर चालान लागू हैं, तो मंत्री पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

हालांकि इस दौरान कथित रूप से TI के साथ दुर्व्यवहार भी हुआ। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने वरुण केवलतानी और अन्य नेताओं के खिलाफ धारा 126(2)-BNS, 132-BNS, 221-BNS और 3(5)-BNS के तहत FIR दर्ज की।

मामला 23 जनवरी की सुबह का है, जब शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ शहर भ्रमण पर निकले और यातायात जागरूकता सप्ताह के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखे।

उनका यह वीडियो उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया पर साझा किया। मंत्री ने कहा कि रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक हेलमेट नियम में छूट रहती है, और सुबह 7:10 बजे उन्होंने शहर भ्रमण शुरू किया था।

इस मामले पर कांग्रेस के दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्र और आम जनता पर चालान काटे जा रहे हैं, जबकि मंत्री और उनके साथ वाले बिना हेलमेट शहर में घूम रहे हैं। यह रोड सेफ्टी के संदेश के खिलाफ है और मंत्री की लापरवाही को दर्शाता है।

NSUI के प्रदर्शन के बाद FIR दर्ज होने से यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गरमाया हुआ माना जा रहा है। नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और राजनीतिक विरोध प्रदर्शन इस पूरे विवाद का केंद्र बिंदु बने हैं।

Related Articles

Back to top button