
अंबिकापुर . प्रशासन ने एक बार फिर हसदेव के जंगलों में पेड़ों की कटाई की शुरू कराई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह से ही कोल खदान प्रभावित घाटबर्रा के पेंड्रामार जंगल में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर पेड़ों की कटाई शुरू करा दी। जब तक इसका पता ग्रामीणों को चला, तब तक 50-60 पेड़ काटे जा चुके थे। इसके बाद ग्रामीण जंगल में एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों के रुख को देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
इसके बाद पेड़ों की कटाई को रोक दिया गया। हालांकि जंगल में अभी भी ग्रामीण डटे हुए हैं। वह बिना फोर्स के जाए, वहां से हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या महिलाओं की भी है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल भी ग्रामीणों के समर्थन में मौके पर पहुंचे। वहीं एडिशनल SP विवेक शुक्ला, SDM अंबिकापुर प्रदीप साहू, SDM उदयपुर अनिकेत साहू सहित पुलिस फोर्स मौके पर डटी हुई है।