ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मारपीट से तंग पत्नी ने पति की हत्या कर जंगल में जलाया शव: दो बेटियां और नाबालिग पड़ोसी भी शामिल, चार गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मारपीट से तंग आकर पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी।

इसके बाद अपनी दो नाबालिग बेटियों और एक पड़ोसी नाबालिग की मदद से शव को जंगल में ले जाकर जला दिया। पुलिस ने इस मामले में महिला सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पत्नी को जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

मामला सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मृतक महावीर राम भगत शराब के नशे में अक्सर पत्नी सुमित्रा भगत से विवाद और मारपीट करता था।

18 अक्टूबर 2025 को वह स्कूटी से पत्नी के घर पहुंचा। हाथ में कुल्हाड़ी देखकर सुमित्रा को लगा कि वह उसे मारने आया है। इसी दौरान दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में आकर सुमित्रा ने कुल्हाड़ी छीनकर पति के सिर और चेहरे पर वार कर दिया। घायल होने के बाद जब वह जमीन पर गिर पड़ा, तो पत्नी ने उसकी छाती पर बैठकर गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के समय घर में दोनों नाबालिग बेटियां मौजूद थीं, जिन्होंने पूरी वारदात देखी। रात में शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। महिला ने पड़ोस में रहने वाले 15 वर्षीय नाबालिग लड़के की मदद ली। चारों ने शव को लकड़ी की बल्ली से बांधकर तुरीटोंगरी जंगल पहुंचाया और पेट्रोल डालकर जला दिया।

18 अक्टूबर को जंगल में अधजला शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। डीएनए जांच में शव की पहचान महावीर राम भगत के रूप में हुई। पूछताछ में पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, पेट्रोल की जरकिन और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Related Articles

Back to top button