पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने लगाई आग, इलाज के दौरान मौत; आरोपी पति पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज

रायपुर। रायपुर में पति की प्रताड़ना और दहेज की मांग से तंग आकर एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के चार दिन बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट का केस दर्ज किया है।
मामला 10 सितंबर का है। मृतिका की पहचान वर्षा गोस्वामी के रूप में हुई है, जो पुरानी बस्ती की रहने वाली थी। वर्षा ने करीब पांच साल पहले शिवम गोस्वामी से लव मैरिज की थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चलता रहा। शिकायत के मुताबिक, पति अक्सर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। यहां तक कि वह महिला के प्राइवेट पार्ट पर हमला करने तक से नहीं चूका।
घटना वाले दिन वर्षा पति से विवाद के बाद महिला थाने पहुंची थी। काउंसलिंग के दौरान दोपहर करीब 12 बजे उसने अचानक खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली और थाने में घुस गई। मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी महिला को डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान महिला के छाती और पेट का हिस्सा बुरी तरह झुलसने से संक्रमण फैल गया और पांचवें दिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में आरोपी पति शिवम गोस्वामी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर उजागर की है। अब पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है।