डबरी बनी कमाई का जरिया: सिंचाई के साथ मछली पालन से मान सिंह को दोहरा फायदा

रायपुर। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड की ग्राम पंचायत बिरिमकेला निवासी मान सिंह के लिए खेत के पास बनी छोटी सी डबरी आजीविका का बड़ा सहारा बन गई है।

ग्रामीण रोजगार योजना के तहत बनी इस डबरी में बारिश का पानी जमा होता है, जिसका उपयोग वे खेतों की सिंचाई के साथ मछली पालन में कर रहे हैं। पानी की उपलब्धता से खेती का दायरा बढ़ा है और अलग-अलग फसलें लेने का अवसर मिला है।

मान सिंह बताते हैं कि डबरी उनके पिता प्रेम सिंह के नाम से बनाई गई है। इसके बनने के बाद खेत के पास ही सिंचाई के लिए पानी का स्रोत उपलब्ध हो गया। डबरी के पानी से उन्होंने टमाटर, खीरा, गोभी और सरसों जैसी फसलों की खेती की। पहले पानी की उपलब्धता सीमित होने के कारण खेती का दायरा भी कम था, लेकिन अब मौसम के अनुसार अलग-अलग फसलें लेने की सुविधा मिल रही है।

मान सिंह ने बताया कि खीरे की फसल बेचकर उन्हें करीब 30 हजार रुपए की आमदनी हुई। अब वे अगली फसल के रूप में मटर और गोभी लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

खेती के साथ मछली पालन

मान सिंह ने डबरी को सिर्फ सिंचाई के स्रोत के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने इसमें मछली पालन भी शुरू किया है। इससे एक ही परिसंपत्ति से खेती और मत्स्य पालन दोनों के जरिए आय के अवसर तैयार हुए हैं। उनका कहना है कि डबरी से खेतों को पानी मिलने के साथ मछली पालन से अतिरिक्त आमदनी की संभावना भी बढ़ी है।

जल संरक्षण से बढ़े आय के रास्ते

डबरी में बारिश का पानी जमा होने से खेतों को स्थानीय स्तर पर सिंचाई का स्रोत मिला है। इसी पानी के जरिए सब्जी उत्पादन और मछली पालन कर मान सिंह अपनी आजीविका को विस्तार दे रहे हैं। उनका परिवार खेती से रोजगार और आय प्राप्त कर रहा है।

मान सिंह ने योजना से मिले लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उनकी कहानी बताती है कि जल संरक्षण की छोटी परिसंपत्ति भी खेती, सिंचाई और मछली पालन को जोड़कर ग्रामीण परिवार के लिए आय के कई रास्ते खोल सकती है।

↑
Exit mobile version