फर्जी नियुक्ति पत्र कांड: 5 विभागों में भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी, सचिव-उप सचिव के डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का बड़ा मामला सामने आया है, जिससे सरकारी तंत्र में हड़कंप मच गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से जारी इस फर्जी आदेश में पांच विभागों में भर्ती की अनुशंसा दिखाई गई है, जबकि यह पूरी तरह से फर्जी पाया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह फर्जी नियुक्ति पत्र 5 मार्च 2026 की तारीख में जारी बताया गया है। इसमें परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती की बात कही गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस दस्तावेज में विभागीय सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग किया गया है।

इस मामले की शिकायत अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल द्वारा दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि फर्जी आदेश डाक के माध्यम से कई अभ्यर्थियों तक भी पहुंचाया गया है, जिससे युवाओं में भ्रम की स्थिति बन गई है। आदेश में चरित्र सत्यापन और प्रशिक्षण के बाद नियुक्ति की अनुशंसा का उल्लेख किया गया है, जो पूरी तरह भ्रामक है।

घटना सामने आने के बाद मंत्रालय में अफरा-तफरी का माहौल है। दरअसल, वर्तमान में अधिकांश सरकारी कार्य ऑनलाइन सिस्टम के जरिए होते हैं और अधिकारियों के हस्ताक्षर भी डिजिटल माध्यम से किए जाते हैं। ऐसे में डिजिटल सिग्नेचर के दुरुपयोग ने सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में विभाग के किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version