फडणवीस का राहुल गांधी पर हमला: कहा- जनता ने नकारा, अब वे जनादेश को नकार रहे

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिसे जनता ठुकरा देती है, वह जनादेश को ही ठुकरा देता है। फडणवीस ने रविवार को एक मराठी अखबार में लेख लिखते हुए राहुल पर आरोप लगाया कि उनकी नीति है- “अगर जनता को समझा नहीं सकते, तो उलझा दो।”

फडणवीस का यह बयान राहुल गांधी के उस लेख के जवाब में आया है, जिसमें राहुल ने नवंबर 2024 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को “मैच फिक्सिंग” बताया था। राहुल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की सुनियोजित योजना बनाई थी और अगला निशाना बिहार हो सकता है।

फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ईवीएम और चुनाव आयोग को निशाना बना रही है। जबकि सुप्रीम कोर्ट पहले ही ऐसी याचिकाएं खारिज कर चुका है। उन्होंने राहुल पर लोकतंत्र की छवि बिगाड़ने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने महाराष्ट्र के वोटर्स का अपमान किया है।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब महाविकास आघाड़ी ने लोकसभा में अच्छा प्रदर्शन किया, तब ईवीएम ठीक था, अब हारने पर कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़ रही है। चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बिना सबूत आरोप लगाना चुनाव प्रणाली, कर्मचारियों और राजनीतिक प्रतिनिधियों का अपमान है। आयोग ने कहा कि वोटिंग की पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों की निगरानी में होती है।

Exit mobile version