ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए अधोसंरचना और अवसरों का विस्तार हमारी प्राथमिकता: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कपिल देव का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए उन्हें बेल मेटल से बनी प्रतिकृति तथा ‘पुण्यभूमि छत्तीसगढ़’ कॉफी टेबल पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए खेल मैदानों, स्टेडियमों और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए विशेष योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।

पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा, विश्वास और विकास का वातावरण बन रहा है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उचित मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाओं के साथ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। यह मुलाकात खेल विकास को नई दिशा देने और प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button