सीएम साय को जन्मदिन पर जन-जन की शुभकामनाएं, मुख्यमंत्री निवास बना उल्लास का केंद्र

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास देर रात तक उत्सव और आत्मीयता से सराबोर रहा।
प्रदेशभर से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री को फलों से तौला गया। मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर स्नेह और समर्थन के लिए आभार जताया तथा प्रदेश के विकास हेतु निरंतर समर्पण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वन मंत्री केदार कश्यप और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न विधायकों और आयोग-मंडलों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर बधाई प्रेषित की।
मुख्यमंत्री ने ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ और ‘जिंदगी मुस्कुराएगी’ से जुड़े बच्चों के साथ भी खुशियां साझा कीं। हृदय और अन्य जटिल सर्जरी के बाद स्वस्थ हो रहे बच्चों से उन्होंने स्नेहपूर्वक मुलाकात की, उनका हौसला बढ़ाया और प्रेरक पुस्तकें भेंट कीं।
‘दिव्य धुन’ प्रोजेक्ट और कला केंद्र रायपुर के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें ट्रैक सूट और प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
सामाजिक संगठनों ने भी पगड़ी, सरोपा, कृपाण और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है और यह जनसमर्थन ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।





