शराब घोटाला मामले में कांग्रेस को EOW का नोटिस: पार्टी कर्मचारी देवेंद्र डड़सेना की जानकारी मांगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच में अब ACB-EOW ने कांग्रेस संगठन से जवाब तलब किया है। एजेंसी ने प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू को नोटिस भेजकर पार्टी के कर्मचारी और एकाउंटेंट देवेंद्र डड़सेना से जुड़ी जानकारी मांगी है।
नोटिस में पूछा गया है कि डड़सेना पार्टी कार्यालय से किस जिम्मेदारी में जुड़े थे, उनकी नियुक्ति किसके आदेश से हुई थी और उन्हें कितना वेतन मिलता था। साथ ही, उनकी नियुक्ति की अवधि, कार्यकाल और गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा भी मांगा गया है। जांच एजेंसी का मानना है कि डड़सेना कांग्रेस के कोषाध्यक्ष राम गोपाल के करीबी थे और घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी रखते थे।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि नोटिस में मांगी गई जानकारी जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी। हालांकि उन्होंने एजेंसी की कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में किया जा रहा कदम बताया। गैदू ने कहा कि देश में यह पहली बार है जब किसी राजनीतिक दल को इस तरह प्रताड़ित किया जा रहा है।
वहीं, भाजपा का आरोप है कि शराब घोटाले की परतें खुलने के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेता भी जांच के घेरे में आ सकते हैं। पार्टी का कहना है कि घोटाले की असली कड़ियां कांग्रेस संगठन से जुड़ी हुई हैं और जांच आगे बढ़ने पर यह साफ हो जाएगा। ACB-EOW की इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति और भी गरमा गई है। कांग्रेस इसे बदले की राजनीति बता रही है, जबकि भाजपा इसे भ्रष्टाचार पर सख्ती से जुड़ा कदम मान रही है।