छत्तीसगढ़दंतेवाड़ा (दक्षिण बस्तर)

डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर, 20 से अधिक मामले थाने में दर्ज

दंतेवाड़ा. जिले के एटेपाल के जंगलों में शुक्रवार को डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली मारा गया. जिसकी पहचान माड़वी कोशा के रुप में हुई है। मामला कटेकल्याण थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जवान एटेपाल इलाके में सर्चिंग अभियान चला रहे थे। तभी जंगलों में घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्यवाही करते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया। घने जंगल की आड़ लेते हुए नक्सली मौके से भाग खड़े हुए. जब गोलीबारी बंद हुई तो जवानों ने इलाके में सर्चिंग किया. सर्चिंग के दौरान नक्सली का शव बरामद हुआ है। इसकी शिनाख्त नक्सलियों की कटेकल्याण एरिया कमेटी मेम्बर माड़वी कोशा के रूप में हुई है, जिस पर हत्या, लूट, आगजनी पुलिस पार्टी पर हमले जैसे 20 संगीन अपराध दंतेवाड़ा जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज है। साथ ही पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि मुठभेड़ स्थल से जवान वापस लौट रहे हैं, जिसके बाद मुठभेड़ से जुड़ी और अपडेट मिल पाएगी।

Related Articles

Back to top button