छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव, इसी दिन आएंगे नतीजे

रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही राज्यसभा की दो सीटें रिक्त हो जाएंगी।

इन सीटों पर चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान होगा और इसी दिन शाम को मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया के तहत 26 फरवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 5 मार्च तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 9 मार्च तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।

यदि आवश्यक हुआ तो 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च तक संपन्न कर ली जाएगी।

केटीएस तुलसी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और वर्ष 2020 में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। संसद में संवैधानिक और कानूनी मामलों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है। वहीं, फूलो देवी नेताम बस्तर क्षेत्र से आने वाली प्रमुख आदिवासी नेता हैं। वे छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और सामाजिक व जनजातीय मुद्दों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे भी 2020 में राज्यसभा सदस्य बनी थीं और उनका कार्यकाल भी 2 अप्रैल को समाप्त होगा।

इन दोनों सांसदों के कार्यकाल समाप्त होने के बाद नव-निर्वाचित सदस्य 3 अप्रैल 2026 से अपना कार्यभार संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि देशभर में राज्यसभा की कुल 37 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ की ये दो सीटें भी शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, सभी सीटों पर चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।

Related Articles

Back to top button