5 राज्यों में चुनाव, 3 में BJP कभी नहीं जीती: इस साल देश की 17% आबादी चुनेगी नई सरकारें; दुनिया के 36 देशों में भी इलेक्शन

दिल्ली। साल 2026 देश और दुनिया की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।
इस साल भारत के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां देश की करीब 17 प्रतिशत आबादी अपने लिए नई सरकारें चुनेगी। इन चुनावों में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल ऐसे राज्य हैं, जहां अब तक भाजपा सत्ता में नहीं आ पाई है।
वहीं, असम में भाजपा तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार सरकार बनाने की कोशिश करेगी।
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने एक बार फिर भाजपा मुख्य चुनौती है। अगर 2026 में तृणमूल कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनकर नया रिकॉर्ड बनाएंगी।
वे देश की पहली महिला होंगी, जो लगातार चार कार्यकाल तक मुख्यमंत्री रहेंगी।
असम में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है और पार्टी तीसरी जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल के महीनों में कई बार राज्य का दौरा कर चुके हैं।
वहीं, भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस ने 8 से ज्यादा दलों के साथ गठबंधन किया है।
तमिलनाडु ऐसा राज्य है, जहां पिछले 60 साल से कांग्रेस या भाजपा की सरकार नहीं बनी है। यहां द्रविड़ दलों का दबदबा रहा है। भाजपा इस बार AIADMK के साथ गठबंधन कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।
केरल देश का इकलौता राज्य है, जहां फिलहाल लेफ्ट की सरकार है। यहां सत्ता बदलने की परंपरा रही है, लेकिन पिछली बार वाम मोर्चा ने इसे तोड़ा।
भाजपा अब तक विधानसभा में खाता नहीं खोल पाई है, हालांकि स्थानीय स्तर पर उसकी मौजूदगी बढ़ी है।
पुडुचेरी देश की सबसे छोटी विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश है, जहां भाजपा गठबंधन के साथ सत्ता में है और उसे बचाने की चुनौती होगी।
भारत के अलावा 2026 में दुनिया के 36 से ज्यादा देशों में भी चुनाव होने हैं। बांग्लादेश, नेपाल और इजराइल जैसे देशों में चुनावी नतीजे वहां की राजनीति की दिशा तय करेंगे।
बांग्लादेश में 35 साल बाद नया प्रधानमंत्री मिलने की संभावना है, नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बाद पहला चुनाव होगा, जबकि इजराइल में गाजा युद्ध के बाद जनता नए नेतृत्व पर फैसला करेगी।



