ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

असम, केरल, पुडुचेरी में आज थमेगा चुनाव प्रचार: स्टालिन ने पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने की उठाई मांग

दिल्ली। असम, केरल और पुडुचेरी में आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। चुनाव आयोग द्वारा घोषित ‘साइलेंस पीरियड’ मतदान से 48 घंटे पहले लागू हो रहा है, जिसके तहत किसी भी तरह का प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन तीनों क्षेत्रों में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है।

इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी विधानसभा 14 बार राज्य का दर्जा देने का प्रस्ताव पास कर चुकी है, लेकिन केंद्र ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक ‘जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951’ की धारा 126 के तहत साइलेंस पीरियड में जनसभाएं, रैलियां, रोड शो और जनसंपर्क अभियान पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके साथ ही टीवी, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चुनाव प्रचार, ओपिनियन पोल और सर्वे के प्रसारण पर भी प्रतिबंध रहेगा।

आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि बाहरी राजनीतिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी, जो संबंधित राज्यों के मतदाता नहीं हैं, उन्हें प्रचार समाप्त होते ही क्षेत्र छोड़ना होगा।

चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। विभिन्न राज्यों में नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। तमिलनाडु में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 23 अप्रैल को मतदान होना है।

इन राज्यों में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अब सबकी नजर 9 अप्रैल को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी है।

Related Articles

Back to top button