CM साय से मिले कार्टून वॉच के संपादक: ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान की जानकारी दी, बच्चों में रचनात्मक सोच बढ़ाने पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में प्रसिद्ध व्यंग्य पत्रिका कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने बस्तर में संचालित ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के तहत आयोजित कार्टून प्रदर्शनी और प्रशिक्षण कार्यशाला की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। साथ ही इस अभिनव पहल पर आधारित स्मारिका भी भेंट की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कार्टून केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि विचारों को सरल, सहज और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की प्रभावी विधा है। यदि बच्चों को शुरुआती दौर से ही रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर मिलें तो उनमें आत्मविश्वास, तार्किक सोच, संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, साहित्य, खेल और संस्कृति जैसी गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समान रूप से आवश्यक हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इस तरह के रचनात्मक आयोजन होते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
गौरतलब है कि जनसंपर्क विभाग और कार्टून वॉच के संयुक्त प्रयास से ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के तहत जगदलपुर सहित बस्तर संभाग के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के करीब 100 विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्टून प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई थी।
कार्यशाला में देश के प्रतिष्ठित कार्टूनिस्टों ने बच्चों को कार्टून कला की बारीकियां, रेखांकन, व्यंग्य की अभिव्यक्ति, दृश्य संप्रेषण और रचनात्मक सोच के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और अपनी कल्पनाशीलता को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को निखारने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।





