मंत्री के घर ईडी की रेड, परिवार के सदस्यों ने लगाया साजिश का आरोप

चेन्नई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को धन शोधन के मामले में तमिलनाडु के ग्रामीण विकास, पंचायत और पंचायत संघ मंत्री तथा डीएमके नेता आई पेरियासामी के घर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, ईडी ने पेरियासामी के बेटे और विधायक आईपी सेंथिल कुमार तथा उनकी पत्नी के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत की जा रही है। सुबह से शुरू हुई तलाशी में ईडी अधिकारियों ने घर और दफ्तर से जुड़े कई दस्तावेजों की जांच की। माना जा रहा है कि एजेंसी को इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटानी है।
72 वर्षीय आई पेरियासामी राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री माने जाते हैं और डीएमके में उनकी गहरी पकड़ है। ईडी की इस कार्रवाई ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। डीएमके नेताओं ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है, वहीं विपक्ष ने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल एजेंसी ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।